स्थानीय

महरौरा शिव मंदिर सरोवर में स्नान के दौरान किशोर डूबा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के महरौरा स्थित शिव मंदिर के सरोवर में सोमवार सुबह नहाने गए एक सोलह वर्षीय युवक की डूबने से मृत्यु हो गई। मृतक सूरज कुमार सम्हार गांव का रहने वाला था। उसके पिता विनोद सिंह यादव का पहले ही देहांत हो चुका था।

परिवार और आसपास के लोगों में इस घटना को लेकर शोक व्याप्त है। सूरज सुबह मंदिर के तालाब में नहाने पहुंचा था। नहाने के क्रम में वह अचानक गहरी जगह में फंस गया और पानी में डूब गया।

खबर फैलते ही गांव वाले तुरंत तालाब में उसकी तलाश में जुट गए। मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। पूरे सोमवार दिनभर ग्रामीणों और परिवार वालों ने खोज जारी रखी लेकिन सूरज का कोई अता-पता नहीं चला। लगातार प्रयास बेकार होने से परिवार की बेचैनी और बढ़ गई।

मंगलवार दोपहर करीब चौबीस घंटे बीतने के बाद तालाब से सूरज का शव निकल पाया। शव मिलने की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।

परिवार की आर्थिक हालत कमजोर बताई जा रही है। सूरज का बड़ा भाई बाहर किसी निजी कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों का कहना है कि पिता की अनुपस्थिति में यह सदमा और भी भारी पड़ गया है। गांव में शोक का माहौल छाया हुआ है और परिवार के लोग रो-रोकर बुरी तरह विचलित हैं।

शव मिलने के बाद परिजन उसे थाने ले गए। पुलिस ने पंचनामा बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई चल रही है। मामले से जुड़ी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Comment here