स्थानीय

डुमरांव में खेत मजदूरों का 24 घंटे का अनशन शुरू

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के डुमरांव में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राज्यस्तरीय आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 24 घंटे का सामूहिक अनशन-सत्याग्रह आरंभ हो गया। डुमरांव प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सामने आयोजित इस अनशन में महादलित, भूमिहीन गरीब महिला-पुरुष, छात्र और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।

भाकपा माले के जिला सचिव नवीन कुमार, प्रखंड सचिव धर्मेंद्र सिंह, ललन राम, कन्हैया पासवान और अलख नारायण चौधरी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को संबोधित करते हुए नवीन कुमार ने कहा कि आजादी के इतने साल बीत जाने के बावजूद कई गरीब परिवारों को, जो लंबे समय से जिस जमीन पर रह रहे हैं, अभी तक बासगीत पर्चा नहीं मिला है। उन्होंने इसे सरकार और प्रशासन की गंभीर नाकामी करार दिया।

नवीन कुमार ने गरीब भूमिहीन परिवारों को पांच-पांच डिसमिल जमीन और मकान उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने बलहा और तेतरी गांवों में वर्षों से बसे मुसहर तथा महादलित परिवारों को पीपीएच एक्ट 1947 के तहत जमीन का पर्चा दिए जाने की भी मांग की। अंचल प्रशासन पर उन्होंने आरोप लगाया कि बलहा में बेदखल जोत जमीन के पर्चाधारियों को अदालत के आदेश के बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है।

अनशनकारियों ने ग्रामीण रोजगार की गारंटी, उचित मजदूरी, प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान के लिए कानून बनाने, सभी गरीबों को राशन सूची में शामिल कर कार्ड देने तथा सरकारी स्कूलों को नवोदय की तर्ज पर विकसित करने की मांग की। उन्होंने गरीबों से पानी, सफाई और होल्डिंग टैक्स की वसूली बंद करने, माइक्रोफाइनेंस व बैंक कर्ज में राहत, बकाया बिजली बिल माफ करने तथा रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल समेत जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने की भी मांग रखी।

वक्ताओं ने बढ़ते अपराध, हत्या, बलात्कार, लूट और हिंसा पर नियंत्रण के साथ प्रखंड कार्यालय में हो रही मनमानी व भ्रष्टाचार रोकने की बात भी कही। अनशन पर ललन राम, कन्हैया पासवान, सर्वेश कुमार पांडेय, धनई राम, चंद्रेश सिंह, शिवजी राजभर और शंकर राय सहित कई लोग बैठे। इस दौरान भगवान दास, जाबिर कुरैशी, ऊषा देवी, राजा अंसारी, राधेश्याम शर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Comment here