द जनमित्र डेस्क
इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के लिए तुरंत दोबारा खोल दिए जाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक से विशेष मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान उपाध्याय ने गुमटी के बंद रहने से स्थानीय लोगों को हो रही भारी दिक्कतों का विस्तार से जिक्र किया और इस संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
आरओबी निर्माण 15 दिन में पूरा करने का दावा
डीआरएम ने बैठक में बताया कि गुमटी को बक्सर जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य अब तेजी से चल रहा है और इसे अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सकेगा।
पंकज कुमार उपाध्याय ने इस पर गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में गुणवत्तापूर्ण और मजबूत निर्माण कार्य मुश्किल है। जल्दबाजी में काम कराने से भविष्य में सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने डीआरएम से आग्रह किया कि आरओबी पूरी तरह सुरक्षित और चालू होने तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के लिए खुला रखा जाए।
उपाध्याय ने बताया कि गुमटी बंद होने के कारण रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं, मरीज, किसान, व्यापारी और आम नागरिकों को काफी लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है। वैकल्पिक पांडेपट्टी मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। कई बार स्कूल बसों और भारी वाहनों के पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे बक्सर के सैकड़ों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति में गुमटी को बंद रखना जनहित के खिलाफ है।
मंडल रेल प्रबंधक ने कांग्रेस अध्यक्ष की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि गुमटी खुलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद राजनीति नहीं, बल्कि जनता की असली समस्याओं का समाधान कराना है।

Comment here