द जनमित्र डेस्क
इटाढ़ी रेलवे गुमटी को दोबारा चालू करने की पुरानी मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ज्योति चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला गया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। मार्च में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। हाथों में बैनर और पार्टी झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान प्रशासन व रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने किया।

पंकज उपाध्याय ने बताया कि बक्सर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) चालू होने के बाद इटाढ़ी रोड स्थित रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। लेकिन 5 जून को शुरू हुए वरुणा ओवरब्रिज का एक स्लैब महज 10 दिनों में ही टूटकर गिर गया। सुरक्षा को देखते हुए ओवरब्रिज पर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
उन्होंने कहा कि फाटक और ओवरब्रिज दोनों के बंद होने से इस मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों ग्रामीणों, छात्रों और आम राहगीरों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने रेलवे से फाटक खुलवाने की कोशिश जरूर की, लेकिन रेलवे की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
15 जून तक अल्टीमेटम, नहीं खुला तो होगा बड़ा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि अगर 15 जून तक इटाढ़ी रेलवे फाटक नहीं खोला गया तो बक्सर में ट्रैफिक जाम की भयानक स्थिति पैदा हो सकती है। खासकर स्कूल खुलने और शादी-विवाह के मौसम के शुरू होने के साथ यह समस्या और गंभीर हो जाएगी।
नेताओं ने भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ नेताओं और अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम जनता को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिला कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द ही फाटक का परिचालन शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अपील की कि जनता की इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।


Comment here