राजनीति

डुमरांव की सभा में मंत्री का विपक्ष पर तीखा हमला

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के डुमरांव में रविवार को बिहार सरकार के योजना एवं आवास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का जोरदार स्वागत किया गया। मंत्री पद संभालने के बाद डुमरांव में उनका यह पहला दौरा था, जिसे लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और उमंग छाई रही। सैकड़ों नेता-कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की।

मंत्री कुशवाहा जब समारोह स्थल पर पहुंचे तो उन्हें फूल-मालाओं से नवाजा गया और पारंपरिक गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। पूरे शहर में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी भरा स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नेता श्रीकांत सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के हाथ में रहा। इस दौरान जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

अपने उद्बोधन में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने विपक्ष खासकर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए परिवारवाद पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ दलों ने राजनीति को अपने परिवार तक सीमित कर दिया है, जहां रिश्तेदारों को एक के बाद एक टिकट और पद दिए जा रहे हैं।

कुशवाहा ने व्यंग्य करते हुए कहा, “अब तो बेटा-बहू के बाद साली को भी राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की राजनीति अब बदल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा, जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार जातिगत भेदभाव को कम करने और समाज के हर वर्ग को समान अवसर देने के लिए सार्थक प्रयास कर रही है। गरीब, वंचित और पिछड़ों के हितों की रक्षा करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

मंत्री कुशवाहा ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर सरकार का पूरा ध्यान है। जदयू नेता श्रीकांत सिंह कुशवाहा ने कहा कि अपराधियों पर सख्ती बरतने से बिहार में सकारात्मक माहौल बना है और जनता एनडीए सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट है।

समारोह में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अजय चंद लोदी, नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, आयोध्या केशरी, नथुनी खरवार, लालजी चौधरी, लक्ष्मण चौधरी, संत गोंड, लक्ष्मण कुशवाहा, नंदलाल कुशवाहा, विशोका चंद, संजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेश कुशवाहा, संतोष चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

योजना विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास कार्यों को गति प्रदान करता है। यह अभिनंदन समारोह न केवल मंत्री के प्रति स्थानीय समर्थन का प्रतीक बना, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति के संकेत भी दे गया।

Comment here