घटना

दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

मंगलवार सुबह बक्सर-आरा फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस दुर्घटना में नीतू कुमारी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति विनीत कुमार और 10 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रामगढ़ के पास हुआ।

मृतका नीतू कुमारी अपने पति विनीत कुमार और बेटी के साथ गाजीपुर से पटना लौट रही थीं। विनीत कुमार गाजीपुर के एक बैंक में कार्यरत हैं और आंबेडकर जयंती की छुट्टी मनाने परिवार के साथ घर जा रहे थे। विनीत कुमार खुद गाड़ी चला रहे थे। रामगढ़ के समीप अचानक कार अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।

वही सिमरी थाना क्षेत्र में एक और सड़क हादसा हुआ। भोजपुर जिले के गजराजगंज से बारात वापस लौट रहे अली हुसैन की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। मझवारी मोड़ के पास हुई इस दुर्घटना में अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अली हुसैन सिमरी निवासी थे। वे अपने भाई इम्तियाज की बारात में शामिल होने गए थे। मंगलवार को ही उनकी बहन की बारात आने वाली थी, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की तलाश जारी है। मामले की जांच चल रही है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Comment here