द जनमित्र डेस्क
ब्रह्मपुर पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर चौराहा के पास एक कमरे में शराब पार्टी कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में बिजली विभाग, ब्रह्मपुर में तैनात कनीय विद्युत अभियंता अमित कुमार राय भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक अवैध कंट्रीमेड राइफल, 1 लाख 15 हजार रुपये नकद और एक बोतल विदेशी शराब बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बक्सर एसपी शुभम आर्य को गुप्त सूचना मिली थी कि ब्रह्मपुर चौराहा के पास एक कमरे में रामेश्वरनाथ तिवारी पांच-छह लोगों के साथ अवैध रूप से शराब पार्टी कर रहे हैं और वहां हथियार भी मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रामेश्वरनाथ तिवारी, सुधांशु रंजन, अमित कुमार पांडेय, संजय साह, अमित कुमार राय और प्रियांशु मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी शराब पीते हुए पाए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद बड़ी मात्रा में नकदी और अवैध हथियार गंभीर अपराध की ओर इशारा कर रहे हैं।
ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कर सभी छह आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद अवैध कंट्रीमेड राइफल किसकी है और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था। साथ ही कमरे के स्वामित्व, आरोपियों के आपसी संबंधों और बरामद नकदी के स्रोत की भी गहन जांच चल रही है।
ब्रह्मपुर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


Comment here