राजकाज

हीट वेव से निपटने को लेकर विभागों को दिए गए सख्त निर्देश

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को लू से बचाव और राहत के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

नगर विकास विभाग को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की पियाऊ व्यवस्था करने और जागरूकता संबंधी अलर्ट प्रदर्शित करने को कहा गया। साथ ही खराब चापाकलों की युद्ध स्तर पर मरम्मत और शहरी आश्रय स्थलों पर पेयजल व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में लू प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया। इसमें ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था शामिल है। आवश्यकता पड़ने पर आइसोलेशन वार्ड और कूल रूम बनाने के भी निर्देश जारी किए गए।

शिक्षा विभाग को स्कूलों का संचालन सुबह की पाली में करने, बच्चों के लिए पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था तथा हीट वेव से बचाव की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंखा, पेयजल और जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

ग्रामीण विकास और श्रम विभाग को मनरेगा तथा अन्य मजदूरों के कार्य समय में बदलाव कर उन्हें सुबह और शाम के समय काम कराने के निर्देश दिए गए। कार्यस्थलों पर पेयजल, शेड और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था, परिवहन संचालन को सीमित करने, बिजली के ढीले तारों की मरम्मत और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए। जिला पदाधिकारी साहिला ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर हीट वेव एक्शन प्लान के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसका मकसद आमजन को भीषण गर्मी से बचाना है।

Comment here