द जनमित्र डेस्क
बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा 24 मार्च को एक विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें निजी कंपनी मेरेली मदर्स ऑन ऑटो सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड (Marelli Mothers on Auto System Pvt. Ltd.) द्वारा मशीन संचालन के 200 पदों पर भर्ती की जाएगी।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह शिविर बक्सर के संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड में जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। चयन प्रक्रिया मौके पर ही योग्यता के आधार पर पूरी की जाएगी।
पदों के लिए योग्यता दसवीं, बारहवीं या आईटीआई (किसी भी ट्रेड) पास पुरुष अभ्यर्थी हैं। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह लगभग 13,000 रुपये का वेतन मिलेगा। कार्यस्थल गुजरात राज्य में होगा।
शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिनका पंजीकरण नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
इच्छुक युवाओं से अपील है कि वे बायोडाटा, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर पहुंचें। नियुक्ति संबंधित सभी शर्तों की जिम्मेदारी कंपनी की होगी, जबकि नियोजनालय केवल सुविधा प्रदान कर रहा है।
प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बक्सर जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने और बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।


Comment here