तात्पर्य

सियासी रंग से रंगी चुनावी साल की होली

Spread the love

द जनमित्र | बिमल कुमार

चुनावी साल में राजनीतिक पार्टियों के बीच होली मिलन समारोह आयोजित करने की होड़-सी मची हुई है। साल के उत्तरार्ध में राज्य का विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस, भाजपा, जदयू समेत कई अन्य पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा होली धूमधाम से मनाई जा रही है। चुनाव होने में कुछ ही महीने रह गए हैं से पहले सभी पार्टी के नेता होली के इस सतरंगी रंग में पूरी तरह से सराबोर दिखाई दे रहे है। सभी पार्टी के नेता होली मिलन समारोह के बहाने जनता की नब्ज टटोलने तथा चुनावी नैया को पार लगाने के फिराक में लगे हुए है। भारतीय जनता पार्टी से लेकर जदयू, कांग्रेस, जनसुराज समेत तमाम पार्टियाँ होली मिलन समारोह का आयोजन कराकर मतदाताओ को अपने रंग में रंगने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन जनता के ऊपर किसी भी पार्टी के चुनावी रंग का कोई ख़ास असर नही दिखाई दे रहा है। जिससे स्थानीय नेताओं से लेकर पार्टी सुप्रीमो की बेचैनी बढ़ी हुई है।

बक्सर जिले में चार विधानसभा सीट है। स्थानीय नेताओं के द्वारा उन्हीं क्षेत्रों में होली मिलन समारोह का आयोजन कराया जा रहा है, जहां से उन्हें चुनाव लड़ने या टिकट मिलने की संभावना दिख रही है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह पार्टी के वरीय नेता संतोष निराला, राजपुर विधानसभा सीट से पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में है जिसको देखते हुए पार्टी के नेताओं द्वारा धनसोई में होली मिलन समारोह का आयोजन कराया गया जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व मंत्री भी शामिल हुए। वही कांग्रेस, भाजपा एवं जनसुराज के नेताओं ने बक्सर विधानसभा क्षेत्र के जिला मुख्यालय में होली मिलन समारोह के बहाने मतदाताओ को गोलबन्द करने में लगे हुए है।

भाजपा के होली मिलन समारोह में सांसद अश्विनी चौबे

कांग्रेस कार्यालय पर जमकर उड़े गुलाल

बुधवार को कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमीटी के अध्यक्ष डॉ मनोज पांडे द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडे ने आगत अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र से पगड़ी बांधकर एवं मिठाई के साथ किया। कांग्रेस के युवा नेताओं ने होली की पारंपरिक गीतों एवं रंगों से लोगो को सराबोर कर दिया। इस दौरान पार्टी नेता आशुतोष कुमार त्रिपाठी, पंकज उपाध्याय एवं लक्ष्मण उपाध्याय ने जिले एवं प्रदेश वासियों को होली की बधाई देते हुए, शांति एवं भाईचारे के साथ लोगो से होली मनाने की अपील की।

आगामी विधानसभा चुनाव ने इस बार की होली को सियासी रंग दे दिया है। अब तो वक्त ही बताएगा कि जनता किसके चेहरे की चमक को बरकरार रखती है और किसके चेहरे को बेरंग करती है।

Comment here