द जनमित्र डेस्क
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और तेज़ी ने एक बार फिर यात्री की मुसीबत टाल दी। प्लेटफॉर्म पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन में एक छोटी बच्ची के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे युवक को आरपीएफ की टीम ने दौड़कर पकड़ लिया।
घटना ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के दौरान हुई, जिसमें आरपीएफ बक्सर की टीम स्टेशन परिसर में लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी।

प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर खड़ी ट्रेन में सवार एक यात्री परिवार के साथ यह वारदात घटी। आरोपी ने गोद में बैठी बच्ची के गले का सोने का लॉकेट झटके से तोड़कर भागने की कोशिश की। आसपास के यात्रियों ने तुरंत ‘चोर-चोर’ का शोर मचाया, जिसके बाद आरपीएफ की विशेष टीम अलर्ट हो गई।
टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन के बीच भागते युवक का पीछा किया और उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को चंदन कुमार (28 वर्ष) बताया, जो बक्सर जिले के गगोरा गांव का निवासी है। आरपीएफ टीम ने उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से चोरी किया गया सोने का लॉकेट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पैसे के लालच में यह कृत्य करने की बात स्वीकार की।
मामले में शिकायतकर्ता राजेश पटेल (उजियार कुतुबपुर, बलिया) ने बताया कि उनकी पत्नी बच्ची को गोद में लिए ट्रेन में बैठी थीं, तभी आरोपी ने लॉकेट छीन लिया।
आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार और आरक्षी करण सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। घटना के बाद आरपीएफ ने आरोपी चंदन कुमार को बरामद लॉकेट समेत जीआरपी थाना बक्सर को सौंप दिया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।


Comment here