घटना

केंद्रीय कारा में विचाराधीन कैदी की मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

केंद्रीय कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की बुधवार तड़के मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कोरान सराय गांव निवासी 60 वर्षीय राजकुमार गोंड के रूप में हुई है। राजकुमार अपनी बेटी की हत्या के आरोप में 12 मई 2025 से जेल में बंद थे।

जेल प्रशासन के अनुसार, आज सुबह करीब 3 बजे राजकुमार गोंड ने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की। तत्काल उन्हें जेल अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी देर तक इलाज करने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सुबह करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

मामला गंभीर होने के कारण राजकुमार गोंड के खिलाफ कोरान सराय थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज था। इसी मामले में उनका पुत्र भी न्यायिक हिरासत में है। जेल प्रशासन ने पुत्र को घटना की सूचना दे दी है।

केंद्रीय कारा अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने बताया, “कैदी की तबीयत बिगड़ते ही हमने तुरंत चिकित्सा व्यवस्था की थी। जेल अस्पताल के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया। दुर्भाग्यवश उन्हें बचाया नहीं जा सका।”

उन्होंने आगे कहा कि मृत्यु के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट संबंधित अदालत एडीजे-2, बक्सर को सौंपी जाएगी। मामले से जुड़े सभी दस्तावेज भी अदालत को भेजे जा रहे हैं।

परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जेल प्रशासन ने पारदर्शी जांच और सभी विधिक औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Comment here