द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले में गुरुवार शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क दुर्घटना हो गई। रामपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार बुलेट बाइक और साइकिल सवार बुजुर्ग के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें साइकिल पर सवार वृद्ध व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुलेट पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना मांगराव निवासी अविनाश कुमार (40 वर्ष) की बुलेट बाइक की थी। अविनाश शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रामपुर के निकट यह हादसा पेश आया। उनके साथ बाइक पर उनकी नवविवाहित बहन खुशी और जीजा विक्की कुमार भी सवार थे। चार दिन पहले ही हुई इनकी शादी के बाद यह पहला मौका था जब तीनों साथ यात्रा कर रहे थे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और गंभीर रूप से घायल तीनों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी हालत देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
मृतक बुजुर्ग की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, वे साइकिल पर सब्जियां लेकर नुआंव की ओर जा रहे थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
राजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बुलेट बाइक और साइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बुलेट सवार की अत्यधिक तेज गति हादसे की मुख्य वजह लग रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय करने और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।


Comment here