द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के पुराना भोजपुर निवासी लकी राज ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE मेन में शानदार सफलता हासिल की है। मात्र 17 वर्ष की उम्र में उन्होंने 99.634 पर्सेंटाइल प्राप्त कर जिले के शीर्ष सफल अभ्यर्थियों में अपना नाम दर्ज कराया है।

लकी राज के पिता राकेश कुमार केशरी एक डीलरशिप व्यवसायी हैं, जबकि माता वंदना देवी गृहिणी हैं। लकी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डुमरांव से पूरी की और दसवीं की परीक्षा कैम्ब्रिज स्कूल से उत्तीर्ण की, जहां वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे। वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 95.24 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। खास बात यह रही कि गणित विषय में उन्होंने शत-प्रतिशत अंक यानी 100 में 100 प्राप्त किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कूल ने उन्हें दो बार सम्मानित किया और अकादमिक अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा।
दसवीं के बाद लकी ने JEE की उच्च स्तरीय तैयारी के लिए कोटा का रुख किया, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई को नई दिशा दी। वर्तमान में वे कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव से ही बारहवीं की पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं। उनकी इस सफलता में परिवार का पूर्ण सहयोग और उनकी लगातार मेहनत निर्णायक रही। बड़े पिताजी बीरेंद्र प्रसाद केशरी और दादा भोला केशरी ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।
लकी का सपना आईआईटी से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई कर कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़े पद पर कार्य करने का है। उनका मानना है कि तकनीकी नवाचार और कॉर्पोरेट जगत में योगदान देकर भी देश के विकास में अहम भूमिका निभाई जा सकती है। जहां ज्यादातर छात्र यूपीएससी या बीपीएससी जैसी सरकारी नौकरियों की तैयारी पर फोकस करते हैं, वहीं लकी ने निजी क्षेत्र चुनकर एक अलग राह अपनाई है। उनका विश्वास है कि ईमानदारी और समर्पण से निजी क्षेत्र में भी समाज व राष्ट्र के लिए सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं।


Comment here