द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले में जन सुराज पार्टी ने एक अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा समेत कार्यकर्ताओं ने जासो स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर बने पानी भरे गड्ढों में बैठकर करीब दो घंटे तक धरना दिया। स्थानीय निवासियों ने भी इस मौके पर सड़क की बदहाली को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया।

यह प्रदर्शन गोलंबर से जासो और नदांव होते हुए डुमरांव तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत के खिलाफ किया गया। बारिश के कारण सड़क पर बने बड़े गड्ढों में पानी जमा हो गया था। प्रदर्शनकारियों ने इन्हीं गड्ढों के बीच बैठकर अपनी नाराजगी प्रकट की।
धरने के दौरान बजरंगी मिश्रा ने सदर विधायक आनंद मिश्रा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान विधायक ने दो महीने के अंदर सड़क बनवाने का वादा किया था और इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था। लेकिन जीत के बाद स्थिति जस की तस बनी हुई है। मिश्रा ने यह भी याद दिलाया कि विधायक का कार्यालय भी इसी सड़क के किनारे है।
बजरंगी मिश्रा ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से राहगीर सड़क और गड्ढे में फर्क नहीं कर पाते। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। इस रास्ते से गुजरने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
जन सुराज जिला अध्यक्ष ने विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में विकास और जनसेवा के बड़े दावे किए गए थे, लेकिन अब जनता जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या झेल रही है। उन्होंने मांग की कि अगर विधायक सड़क बनवाने में असमर्थ हैं तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। मिश्रा ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो वे खुद पांच हजार रुपये देंगे और जनता से सहयोग लेकर सड़क बनाने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने एक महीने का अल्टीमेटम भी दिया। अगर इस अवधि में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन और तेज करेगी। लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने कहा कि इस सड़क पर चलना लोगों के लिए मुश्किल भरा है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया कि वे समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे।
धरना कार्यक्रम में धनजी पांडे, विजय पाठक, धनजी उपाध्याय, नीरज सिंह, प्रभाकर, भुनेश्वर और अजीत लाल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शन को स्थानीय समर्थन भी मिला। सड़क की हालत और जलजमाव को लेकर लोगों में काफी नाराजगी दिखी।

Comment here