द जनमित्र डेस्क
जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग मामलों में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा फरार चल रहा है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सदर गौरव पाण्डेय ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी दी।

डीएसपी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव निवासी ईश्वर चंद्र सिंह उर्फ झगरू यादव ने अपने घर में अवैध हथियार छिपा रखे हैं। सूचना के आधार पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। टीम ने झगरू यादव के घर पर छापेमारी की, जहां से एक एकनाली राइफल, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी झगरू यादव मौके से फरार हो गया। बरामद हथियारों को जब्त कर राजपुर थाना में कांड संख्या 398/25 दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।
इसी क्रम में पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि राजपुर थाना क्षेत्र के रूपपोखर से बारूपुर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति अवैध हथियार लहराकर लोगों को डरा रहा है, जिससे इलाके में भय का माहौल पैदा हो रहा था। सूचना मिलते ही SIT टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से दो देसी कट्टे बरामद हुए, जिनमें से एक में एक जिंदा कारतूस लोड था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारूपुर गांव निवासी चंदन राजभर पुत्र रामकिशोर राजभर के रूप में हुई है। पूछताछ में चंदन ने कबूल किया कि वह अवैध हथियार रखता था और लोगों को डराने-धमकाने तथा अपना वर्चस्व कायम करने के लिए इनका इस्तेमाल करता था। इस मामले में राजपुर थाना में कांड संख्या 397/25 दर्ज कर चंदन राजभर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार चंदन राजभर का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ पहले राजपुर थाना में कांड संख्या 141/2006 (धारा 376/34 भादवि) और कांड संख्या 147/2013 (धारा 386/307/506 भादवि) दर्ज हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी गौरव पाण्डेय ने कहा, “बक्सर पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”


Comment here