जिला मुख्यालय के मुसाफिर गंज में अपराधियों के डर से सहमे व्यापारी. शाम ढ़लते ही घरों का बन्द कर ले रहे है दरवाजा. 10 दिनो में चौथी बार अपराधियो ने की गोलीबारी. मूकदर्शक बनी है बक्सर की पुलिस. चोर पॉकेटमार को गिरफ्तार कर थपथपा रही है अपना पीठ.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः नगर थाना क्षेत्र के मुसाफिरगंज में अपराधी बेलगाम हो गए है. जिला मुख्यालय में जहां तमाम बड़े अधिकारीयों का कार्यालय एवं आवास है वहां अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे है. पुलिस चोर एवं पॉकेटमार को पकड़कर अपना पीठ थपथपा रही है. आलम यह है कि शाम ढ़लते ही लोग अपने घरों का दरवाजा बन्दकर घरो मे दुबक जा रहे है. जिस प्रदेश का मुखिया जनता राज का दावा करता है वहां अपराधी पुलिस का ही हवा निकाल दे रहे है. ताजा मामला शहर के मुसाफिर गंज इलाके की है जहां के लोगो ने बताया कि 10 दिनों के अंदर चौथी बार अपराधियो ने गोलीबारी की है. पुलिस को सूचना देने पर केवल एक ही बात पुलिस बार-बार कहती है कि जांच चल रहा है. कभी उतरप्रदेश के शूटर आकर गोली चलाकर निकल जाते है तो कभी बड़े अपराधियों के गुर्गे गोली चला रहे है. बुधवार को रात्रि में भी एक के बाद एक चार राउंड गोली चलाकर अपराधी निकल गए जहां से कारतूस और खोखे भी पुलिस ने बरामद किया है. लोगो का कहना है कि अब तो घर से निकलने में डर लगता है.

क्या कहते है स्थानीय लोग
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के मुसाफिर गंज में 30 अगस्त से लेकर 6 सितंबर तक अपराधियों ने कई बार एक ही व्यवसायी सह जनप्रतिनिधि के घर के आसपास गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है जिससे पूरा मोहल्ला सहम गया है. बुधवार की रात्रि में अज्ञात युवक के द्वारा वार्ड संख्या 14 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के घर के पास 4 राउंड फायरिंग की गई. गोलीबारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है गोलीबारी करने वाला गोलीबारी करने के बाद चुपचाप वहां से निकल गए हालांकि इसका उद्देश्य क्या था यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. मौके से इस्तेमाल किए गए कारतूस पुलिस ने बरामद किए हैं.

10 दिनों के अंदर चार बार हुई गोलीबारी
बीते 30 अगस्त को मुसाफिरगंज वाली माता काली की वार्षिक पूजा के दौरान एक अज्ञात युवक के द्वारा अप्सरा रेस्टोरेंट के पीछे वाली गली में फायरिंग की गई थी. रात्रि तकरीबन 10:45 बजे फायरिंग करने वाला युवक आराम से अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया. दूसरी घटना वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह मिठाई कारोबारी शशि गुप्ता के साथ हुई उर्स मेले में शामिल होकर जब वह अपने घर लौट रहे थे इसी बीच तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने उन्हें गोली मारने की कोशिश की. हालांकि गोली फंस गई और वह बाल-बाल बच गए. पुलिस अभी इन दो मामलों को लेकर जांच कर ही रही थी तब तक तीसरी घटना सामने आई है. चौथी घटना को अंजाम उतरप्रदेश के शूटरों के द्वारा दिया गया एसपी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर गोली चलाकर निकल गए.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
मुसाफिर गंज इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है. मौके से इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाला जा रहा है. स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवक का हुलिया भी पता किया गया है जिसके आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है.
गौरतलब है कि बक्सर में बेलगाम अपराधी किसी भी घटना को अंजाम देने से गुरेज नहीं कर रहे हैं. जिले के राजपुर थाना क्षेत्र हो या फिर बक्सर का नगर थाना क्षेत्र अपराधी खुलेआम तांडव कर रहे हैं और पुलिस केवल जांच करने में ही रह जा रही है.

Comment here