स्थानीय

आईटीआई मैदान स्टेडियम का नाम ओलंपियन स्व. शिवनाथ सिंह के नाम पर

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के आईटीआई मैदान में 43.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम अब महान अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं ओलंपियन स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के नाम पर रखा जाएगा। इस फैसले से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है।

यह नामकरण बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के लगातार प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने 18 दिसंबर 2025 को बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्टेडियम का नाम स्व. शिवनाथ सिंह के नाम पर करने का अनुरोध किया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि यह कदम बक्सर की खेल विरासत को सम्मान देने के साथ ही युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगा। भाजपा की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बक्सर दौरे के दौरान किला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के सम्मान और खेल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिवनाथ सिंह जैसे महान खिलाड़ियों को याद रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

स्व. शिवनाथ सिंह (1946-2003) बक्सर जिले के गौरव थे। वे भारत के प्रमुख मैराथन धावक रहे। 1976 मॉन्ट्रियल ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने मैराथन में 11वां स्थान हासिल किया, जो आज भी किसी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ ओलंपिक प्रदर्शन माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने 1974 तेहरान एशियाई खेलों में रजत पदक जीता और लगातार सात बार राष्ट्रीय मैराथन चैंपियनशिप अपने नाम की।

खिलाड़ियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए ऐतिहासिक कदम करार दिया है। यह स्टेडियम अब न केवल खेल सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को शिवनाथ सिंह की तरह संघर्ष और सफलता की मिसाल देगा।

Comment here