घटना

फोरलेन पर घने कोहरे में भीषण हादसा: एक ही परिवार के चार लोग मरे

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर-पटना फोरलेन (एनएच-922) पर रविवार सुबह घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास करीब सुबह 5 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और परखच्चे उड़ गए।

मृतकों में एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय, उनके भाई सुजीत कुमार पाण्डेय, तथा उनकी दो बुआएं गिरजा देवी (पत्नी अरुण तिवारी, नेनुआ गांव, डुमरांव थाना) और मंजू देवी (पत्नी धर्मराज ओझा, भरखरा गांव, ब्रह्मपुर थाना) शामिल हैं। चारों बुआ-भतीजे रिश्ते के थे और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर निवासी थे।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, 2 फरवरी को एसएसबी जवान ओमकार पाण्डेय की इकलौती बहन मनीषा का तिलक समारोह था। घर में सभी रिश्तेदार इकट्ठा थे। मार्ग पूर्णिमा (माघी पूर्णिमा) के अवसर पर जवान अपने भाई और दोनों बुआओं को लेकर रमरेखा घाट गंगा स्नान के लिए बक्सर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय इलाके में घना कोहरा छाया था, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम थी। तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल को सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात ट्रक की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर बिहार की सड़कों पर तेज रफ्तार, कोहरे में सतर्कता की कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comment here