घटना

चौसा में रेलवे निर्माण कंपनी के यार्ड में भीषण आग

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

चौसा अखौरीपुर गोला स्थित शेखावटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय और स्टोर रूम में बुधवार शाम को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यार्ड में रखी करोड़ों रुपये की रेलवे निर्माण सामग्री पूरी तरह चपेट में आ गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में करीब ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

कंपनी रेलवे प्लांट के लिए कोयला डिपो, यार्ड और प्लेटफॉर्म निर्माण का काम कर रही थी। यार्ड में रेलवे पटरी से जुड़ी बड़ी मात्रा में सामग्री रखी हुई थी जिसमें रबर पैड, एसएनटी बॉक्स, लाइनर, एसआरजी प्वाइंट और अन्य फिटिंग सामान शामिल थे। अचानक भड़की आग ने इन सभी सामानों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही जिले और रेलवे प्लांट से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से आग आसपास के रिहायशी इलाकों में नहीं फैल सकी और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

आग बुझाने के दौरान सिविल लैब में रखे दो ऑफिस कंटेनर, दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर सहित अन्य महंगे उपकरणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि आग में रेलवे यार्ड के लिए उपयोग होने वाले करीब तीन किलोमीटर लंबे फिटिंग सामान, सेटअप बॉक्स, एसएनटी बॉक्स, एसपीजी स्विच, रबर पैड, पेंट के डिब्बे और लाइनर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Comment here