द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना भोजपुर में एक खटाल संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गंगासागर शर्मा के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय ब्रह्मदयाल शर्मा के पुत्र थे और इसी क्षेत्र के निवासी थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गंगासागर शर्मा पिछले लगभग दो वर्ष से पुराना भोजपुर अंडरपास के पास अपना खटाल चला रहे थे। उनके पास सात गायें और कुछ बकरियां थीं, जिनसे वे परिवार का गुजारा करते थे। इससे पहले वे ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करते थे।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगासागर पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव में थे। करीब एक माह पहले उनकी मां का निधन हो गया था, जिससे वे बहुत आहत थे। इसके अलावा कुछ घरेलू समस्याओं ने भी उन्हें परेशान कर रखा था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पारिवारिक तनावों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर नया भोजपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जाएगी। इस घटना से पुराना भोजपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है तथा लोग स्तब्ध हैं।


Comment here