द जनमित्र | शशि
बक्सर पुलिस ने अश्लील और दोहरे अर्थ वाले भोजपुरी गानों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सोमवार को तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र में गंगा घाट पर एक पिकअप वाहन से बज रहे डीजे सिस्टम को जब्त किया। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत हुई, जिसका मकसद सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता रोकना है।



एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि थाने को सूचना मिली थी कि कालिका राय का बगीचा गंगा घाट पर एक मुंडन समारोह के पास पिकअप वाहन (BA44GA8028) पर डीजे से तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाने बज रहे हैं, जिससे वहां मौजूद महिलाओं और बच्चियों की गरिमा को ठेस पहुंच रही थी।
सूचना पर थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को सूचित किया और उनके निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर पिकअप वाहन से डीजे पर दोहरे अर्थ वाले गाने बजते पाए गए। पुलिस को देखकर चालक और डीजे संचालक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने वाहन सहित डीजे सिस्टम जब्त कर लिया, जिसमें तीन साउंड बॉक्स, दो बेस बॉक्स, जनरेटर, मास्केट मशीन, मास्टर मशीन, मिक्सर, स्टेबलाइजर, भेपर लाइट और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस मामले में तिलक राय के हाता थाने में कांड संख्या 41/25 दर्ज किया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यदेव यादव (खरहाटांड़, सिमरी) और पवन यादव (नियाजीपुर, तिलक राय के हाता) के रूप में हुई है।
बक्सर पुलिस ने कहा कि अश्लील और समाज को दूषित करने वाले गानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। एसडीपीओ ने लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत थाने में देने की अपील की है।

Comment here