द जनमित्र डेस्क
भारत विकास परिषद के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। श्रीमती वर्षा पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस युवा जागृति कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के जीवन और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का विशेष प्रयास किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रही राष्ट्र विषयक क्विज प्रतियोगिता, जिसमें बक्सर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ग्लोबल विजडम, ट्रिनिटी स्कूल, एम.पी. हाई स्कूल और श्री राधा वल्लभ करियर एकेडमी के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र दिए गए, जबकि भाग लेने वाले सभी विद्यालयों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर समाज के कुछ खास युवाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नेत्रहीन क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता अनु चौधरी के माता-पिता, बक्सर की बेटी तेजस्विनी (जो वीमेंस अंडर-15 वनडे ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं), फिजिकल फिटनेस ट्रेनर अनिकेत कुमार और रक्तवीर बजरंगी मिश्रा को विशेष सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीडीसी निहारिका छवि रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डीपीओ पंकज द्विवेदी, शिक्षाविद् प्रदीप पाठक, अखिल भारतीय संगठन के पूर्व क्षेत्र सचिव वाल्मीकि कुमार और एम.पी. हाई स्कूल के प्राचार्य व जिला सामाजिक समरसता संयोजक संजय राय शामिल रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर स्वामी विवेकानंद और भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ।
अध्यक्षीय संबोधन में वर्षा पांडेय ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को सिर्फ अपने व्यक्तिगत भविष्य तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राष्ट्र के भविष्य से खुद को जोड़ना होगा। उन्होंने आर्थिक स्वावलंबन के साथ स्वदेशी के प्रति स्वाभिमान और सम्मान की भावना जगाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन पुष्पेन्दु मिश्रा ने कुशलतापूर्वक किया। आयोजन में संगठन के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी, समाजसेवी और सैकड़ों युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से जयप्रकाश मिश्रा, प्रकाश पांडेय, प्रेम प्रकाश चौबे, ट्रिनिटी स्कूल के निदेशक धीरज कुमार, श्रवण तिवारी, श्रीकृष्ण चौबे, संजय सिंह, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष, शोभा चौबे, रीना, संगीता सिंह, मंजू तिवारी, लक्ष्मी, मीरा और मीना आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comment here