द जनमित्र | शशि
बक्सर जिले में शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी तीन प्रमुख सरकारी योजनाओं की प्रगति ने जिला प्रशासन को गौरवान्वित किया है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) की समीक्षा बैठक में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम की समीक्षा की गई। बैठक में जिले का समग्र प्रदर्शन उल्लेखनीय पाया गया।

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बक्सर ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक यानी 115 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की है। इस योजना के तहत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आसान शर्तों पर ऋण स्वीकृत किया गया है। जिला पदाधिकारी ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसी सक्रियता को बनाए रखने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता में जिला 94 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की गई। प्रशासन ने बताया कि योजना से लाभान्वित होने वाले युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो जिले में बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के लिए राहत की बात है।
कुशल युवा कार्यक्रम में बक्सर ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 101 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया। यह कार्यक्रम युवाओं को कंप्यूटर, अंग्रेजी भाषा और सॉफ्ट स्किल्स का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है। डॉ. विद्यानंद सिंह ने अधिकारियों को अधिक से अधिक युवाओं को इस प्रशिक्षण से जोड़ने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा केवाईपी केंद्रों के नियमित निरीक्षण करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, डीआरसीसी प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, डीसीएम तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक के बाद अधिकारियों ने लक्ष्यों को शत-प्रतिशत से अधिक हासिल करने का संकल्प दोहराया।

Comment here