राजनीति

जन सुराज पार्टी ने तीनों सीटों पर उतारे उम्मीदवार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच जन सुराज पार्टी ने सोमवार को अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में बक्सर जिले की तीनों विधानसभा सीटों—बक्सर, डुमरांव और राजपुर (सुरक्षित)—के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने प्रतिष्ठित परिवारों और युवा नेताओं पर दांव लगाकर पारंपरिक दलों को कड़ी चुनौती देने की रणनीति अपनाई है।

बक्सर विधानसभा (सीट संख्या 200) से जन सुराज ने तथागत हर्षवर्धन (50 वर्ष) को मैदान में उतारा है। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और 11 वर्षों तक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे तथागत को बक्सर की राजनीति में जमीनी और प्रभावशाली ब्राह्मण चेहरे के रूप में जाना जाता है। उनके पिता प्रो. के.के. तिवारी केंद्र में वित्त और विदेश मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

तथागत ने कहा, “जन सुराज की परिकल्पना बिहार में जनता का सुंदर राज स्थापित करने की है। पार्टी के भरोसे को मैं हर कार्यकर्ता के साथ मिलकर पूरा करूंगा।” उनकी उम्मीदवारी से बक्सर में सियासी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।

डुमरांव विधानसभा (सीट संख्या 201) से जन सुराज ने युवा चेहरा शिवांग विजय सिंह (35 वर्ष) को चुना है। वे डुमरांव राजघराने के वारिस, दिवंगत महाराजा कमल सिंह के पोते और चंद्र विजय सिंह के पुत्र हैं। होटल मैनेजमेंट में डिग्रीधारी शिवांग 2020 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं, जहां उन्होंने 9,390 वोट हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजघराने की साख और उनकी लोकप्रियता उन्हें इस बार मजबूत दावेदार बना सकती है। शिवांग की उम्मीदवारी ने डुमरांव में सियासी हलचल तेज कर दी है।

राजपुर (सुरक्षित) सीट से जन सुराज ने धनंजय पासवान (50 वर्ष) पर भरोसा जताया है। सरकारी स्कूल के शिक्षक और पार्टी के पुराने कार्यकर्ता धनंजय का ग्रामीण इलाकों में अच्छा जनाधार है। उनकी पत्नी अनुपा देवी डुमरांव की ब्लॉक प्रमुख हैं, जिससे उनकी सियासी पकड़ और मजबूत मानी जा रही है।

जन सुराज की इस “नई तिकड़ी” ने बक्सर जिले की सियासत में नया रंग भर दिया है। युवा नेतृत्व और प्रतिष्ठित परिवारों के मेल के साथ पार्टी ने पारंपरिक दलों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। अब सवाल यह है कि क्या यह तिकड़ी बक्सर, डुमरांव और राजपुर में बड़ा सियासी उलटफेर कर पाएगी? आने वाले दिन इस सवाल का जवाब देंगे।

Comment here