द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के तिलक राय का हाता थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना को पुलिस ने महज कुछ घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 2 लाख 95 हजार 90 रुपये नकद बरामद किए। डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) पोलस्त कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर की सुबह बड़का राजपुर गांव निवासी रतन कुमार केशरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। केशरी ने आरोप लगाया कि उनके घर से 4 लाख 53 हजार रुपये नकद, एक मांगटीका, सोने की कान की बाली की एक जोड़ी और दो सोने की अंगूठियां चोरी हो गईं। शिकायत मिलते ही तिलक राय का हाता थाना की टीम सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी गई।
थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही निवासी दीपक गुप्ता (पिता पप्पू साव) से पूछताछ की। पूछताछ में दीपक ने चोरी में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उसने पुलिस को बताया कि चोरी की गई राशि का एक हिस्सा उसने अपने साथी विवेक यादव (पिता कन्हैया यादव) के घर पर छिपा रखा है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक को साथ लेकर विवेक यादव के घर पर छापेमारी की, जहां से 2 लाख 95 हजार 90 रुपये नकद बरामद हुए। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में थाने में कांड संख्या 95/25 दर्ज किया गया है, जो दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को धारा 331(4)/305 बी.एन.एस. के तहत दर्ज हुआ। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के अलावा अपर थानाध्यक्ष अफताब आलम, सहायक अवर निरीक्षक रजनीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजू कुमार और चालक सिपाही अमरजीत कुमार शामिल थे।
डीएसपी पोलस्त कुमार ने कहा, “यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और स्थानीय सूचना तंत्र की मजबूती का नतीजा है। जिले में अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” पुलिस का यह कदम क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

Comment here