राजकाज

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज: पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में मंगलवार को बक्सर सदर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव जगाना और चुनाव पूर्व किसी भी अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना था।

फ्लैग मार्च नगर थाना परिसर से शुरू होकर ज्योति चौक, अंबेडकर चौक, स्टेशन रोड और बस स्टैंड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरा। इसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, थानेदार और जवान शामिल रहे। डीएसपी ने बताया कि प्रशासन चुनाव को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी

डीएसपी ने कहा, “हम लगातार संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए हैं। फ्लैग मार्च के जरिए हम लोगों में विश्वास पैदा करना चाहते हैं कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे चुनाव को शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। चुनाव की घोषणा के बाद से जिला स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि मतदाताओं को बिना किसी भय के वोट डालने का अवसर मिले।

Comment here