द जनमित्र | शशि
बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु पर शुक्रवार रात हुआ दिल दहला देने वाला स्कॉर्पियो हादसा अभी भी चर्चा में है। गंगा नदी में गिरी स्कॉर्पियो में सवार 22 वर्षीय हर्ष सिंह का शव शनिवार को एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की अथक मेहनत के बाद बरामद कर लिया गया। सदर प्रखंड के धूमराय के पूरा गंगा घाट पर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान शव मिलने की खबर ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शव की पहचान होते ही हर्ष के परिवार में कोहराम मच गया, और गांव में सन्नाटा पसर गया।






हर्ष सिंह, बक्सर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव का रहने वाला था। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वीर कुंवर सिंह सेतु पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गंगा की गहराइयों में समा गई थी। हादसे में गाड़ी में सवार एक अन्य युवक, 22 वर्षीय अर्जुन सिंह का शव उसी रात बरामद हो गया था, जबकि हर्ष का मोबाइल फोन गाड़ी में मिलने से उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार सुबह हर्ष का शव नदी से निकाला गया। औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने इसकी पुष्टि की।
हर्ष के परिवार का दर्द और गहरा है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, हर्ष के बड़े भाई की कुछ साल पहले झारखंड में सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। उस सदमे से उबरने की कोशिश में जुटे परिवार पर अब हर्ष की असमय मौत ने पहाड़-सा दुख तोड़ दिया। शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव वाले भी स्वजनों की चीखें सुनकर उमड़ पड़े। दुल्लहपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग सड़क की स्थिति तो कुछ वाहन की रफ्तार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। यह हादसा न केवल दुल्लहपुर, बल्कि पूरे बक्सर के लिए एक दुखद याद बन गया है।


Comment here