द जनमित्र | शशि
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज बक्सर जिले के दौरे पर आ रहे है। सुबह 10:40 बजे वे पटना से सड़क मार्ग से रवाना होंगे, साथ में राजद के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं का काफिला होगा। तेजस्वी का यह दौरा संवेदना और समर्थन का संदेश लेकर आता है, जहां वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।





दोपहर दो बजे चौसा प्रखंड में वे वीरेंद्र गौड़ के आवास पर पहुंचेंगे। इसके बाद आकाशीय बिजली से मृत जयशंकर चौधरी के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाएंगे। शाम को नरबतपुर गांव में शहीद हवलदार सुनील यादव के परिवार से मुलाकात होगी, जहां वे शहीद के बलिदान को नमन करेंगे।
इसके बाद राजद के दिवंगत नेता अर्जुन यादव के परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद, तेजस्वी शाम साढ़े छः बजे राजपुर प्रखंड के अहियापुर गांव पहुंचेंगे। यहां वे ट्रिपल मर्डर केस के पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुख साझा करेंगे। दिन का अंतिम पड़ाव रात आठ बजे नावानगर प्रखंड के अमीरपुर डेरा गांव में होगा, जहां वे संतोष कुशवाहा के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
सभी कार्यक्रमों के बाद तेजस्वी रात करीब साढ़े आठ बजे पटना के लिए रवाना होंगे। राजद कार्यकर्ता इस दौरे की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं, ताकि हर कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो। जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो। यह पूरा दौरा सड़क मार्ग से होगा, जो तेजस्वी की जनता से सीधे जुड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
तेजस्वी का यह दौरा न केवल राजद के कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाएगा, बल्कि पीड़ित परिवारों को भी यह एहसास दिलाएगा कि विपक्ष का नेता उनके दुख में साथ है।


Comment here