राजनीति

तथागत हर्षवर्धन को जन सुराज ने सौंपी शाहाबाद की कमान

Spread the love

द जनमित्र | शशि

जन सुराज पार्टी ने एक बड़ा दांव खेलते हुए पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष तथागत हर्षवर्धन को शाहाबाद क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जैसे अहम जिलों को समेटे इस क्षेत्र में उनकी नई जिम्मेदारी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बेहद खास मानी जा रही है। जन सुराज अपनी संगठनात्मक ताकत बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही, और तथागत का नाम इस रणनीति का हिस्सा बनकर उभरा है।
तथागत कोई नया चेहरा नहीं। कांग्रेस में बक्सर जिले के अध्यक्ष रहे, पूर्व केंद्रीय मंत्री के.के. तिवारी के सुपुत्र और सुप्रीम कोर्ट में वकालत का लंबा अनुभव। राजनीति और कानून की उनकी दोहरी समझ जन सुराज के लिए एक मजबूत कड़ी साबित हो सकती है। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर जन सुराज का रास्ता चुना, क्योंकि उनका मानना है कि कांग्रेस में उनकी क्षमताओं को वह मंच नहीं मिला, जिसकी उन्हें तलाश थी। जन सुराज ने पहले उन्हें बक्सर का प्रभारी बनाया और अब शाहाबाद जैसे बड़े क्षेत्र की कमान सौंपकर भरोसा जताया है।
चुनावी मौसम में यह नियुक्ति इसलिए भी अहम है, क्योंकि जन सुराज उम्मीदवारों के चयन में बेहद सतर्क और नेतृत्व को प्राथमिकता देने वाली रणनीति पर चल रही है। तथागत का बढ़ता कद न सिर्फ उनके समर्थकों, बल्कि पुराने सहयोगियों के लिए भी एक नई उम्मीद जगाता है। बजरंगी मिश्रा ने उन्हें इस नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comment here