घटना

आकाशीय बिजली का तांडव: चार की मौत, कई घायल

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बक्सर में आकाशीय बिजली का कहर, चार की मौत, तीन घायल
बक्सर में सोमवार को प्रकृति के प्रकोप ने कहर बरपाया। अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य बुरी तरह झुलस गए। यह दिल दहलाने वाली घटना चौसा बाजार के पास गंगा नदी के किनारे और राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव में हुई।
चौसा बाजार में बिजली गिरने से मिथलेश राम (22), श्रीभगवान उर्फ झोला सिंह (60) और वीरेंद्र गोंड (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नीरज कुमार (16), अमित चौधरी (30) और सोनू कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मजदूर वर्ग से हैं और गंगा किनारे काम कर रहे थे। दूसरी ओर, देवढ़िया में 12 साल के अंकुश राम की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय अन्नत राम गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों आम के बगीचे में थे, जब यह हादसा हुआ। घायलों को बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पेड़ के नीचे छिपना पड़ा भारी
घायल नीरज कुमार ने बताया कि दोपहर में मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज बारिश और बिजली कड़कने लगी। सभी लोग जान बचाने के लिए एक पीपल के पेड़ के नीचे छिप गए, लेकिन तभी तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। इस हादसे में मधु राम की एक गाय भी मारी गई। मृतक वीरेंद्र और श्रीभगवान अपने मवेशियों को चराने गए थे, जब यह हादसा हुआ।
पुलिस ने लिया एक्शन, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभू कुमार भगत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। चौसा के पूर्व मुखिया बृज बिहारी सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर प्रकृति की अनिश्चितता और आकाशीय बिजली के खतरे को उजागर करता है। बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेना कितना खतरनाक हो सकता है, यह इस घटना से साफ है।

Comment here