घटना

सड़क हादसे में एक की मौत, डंपर चालक फरार

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बुधवार की सुबह जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के करैला गांव के पास बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर एक हादसा हो गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे एक तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। उसमें सवार सात-आठ लोग सड़क पर बिखर गए। इस भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


बताया जाता है कि ऑटो में सवार लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आए डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। राजपुर थाना पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। थानाध्यक्ष ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की और बताया कि घायलों की हालत नाजुक है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। उनका कहना है कि जब तक ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सड़क हादसे थमने का नाम नहीं लेंगे। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कर मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए फरार चालक और डंपर की तलाश तेज कर दी गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

Comment here