द जनमित्र | शशि
बक्सर, वह पावन धरती जहाँ ऋषि विश्वामित्र और महान तपस्वियों की साधना की सुगंध आज भी मिट्टी में बसी है, एक बार फिर धर्म और संस्कृति के जयघोष से गूंज उठी। अक्षय तृतीया के अवसर पर सनातन सेवा संस्थान, बक्सर के बैनर तले भगवान परशुराम जन्मोत्सव और शोभायात्रा का भव्य आयोजन हुआ, जिसने पूरे नगर को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।




संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा पांडेय के नेतृत्व में पहली बार निकली यह शोभायात्रा श्रद्धा, एकता और गौरव का उत्सव बनी। यह यात्रा किला मैदान से शुरू होकर पुलिस चौकी, रामरेखा घाट, पीपरपाती रोड, मुनीम चौक, यमुनाचौक, ठठेरी बाजार, सतदेवगंज होते हुए वापस किला मैदान में आकर संपन्न हो गई।
संस्थान अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने इसे केवल एक परंपरा का उत्सव नहीं, बल्कि चेतना की जागृति बताया। उनके शब्दों में, “भगवान परशुराम का संदेश सिर्फ शस्त्र उठाने का नहीं, बल्कि आत्मबल और धर्मबल से अन्याय के खिलाफ डटने का है। यह शोभायात्रा हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है, और यह संकल्प बक्सर की धरती से प्रस्फुरित हुआ है।”
इस आयोजन में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में माताएँ-बहनें पंक्तियों में कदमताल करती हुईं नजर आईं। युवाओं का जोश भी देखते ही बना। लोगों ने अपने-अपने इलाकों में रास्तों को सजाया और जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। यह सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं था, बल्कि धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति एक नया संकल्प था।
कार्यक्रम की सफलता में सनातन सेवा संस्थान के सभी कार्यकर्ताओं का योगदान अहम रहा। संतोष उपाध्याय (उपाध्यक्ष), पंकज उपाध्याय (कोषाध्यक्ष), त्रिभुवन पाठक, राघव कुमार पाण्डेय, उपेन्द्रनाथ पाण्डेय, अरुण उपाध्याय, प्रकाश पाण्डेय, आनन्द कुमार पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, तेजनारायण ओझा, सौरभ चौबे, डॉ. श्रवण तिवारी, इंद्रजीत, ओम प्रकाश भुवन (भाजपा जिलाध्यक्ष), संतोष ओझा (अध्यक्ष, पूर्वांचल मोर्चा दिल्ली), दुर्गाचरण मिश्रा, डॉ. राजेश मिश्रा, प्रदीप दुबे, संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी (सदर विधायक), संतोष निराला (पूर्व मंत्री, परिवहन विभाग), भगवती महिला मंडल, अमित पाण्डेय, रानी चौबे, मोहित बाबा, छोटे ओझा, कल्लू राय, धनंजय राय, विक्की उपाध्याय सहित शाहाबाद क्षेत्र के कई लोगों ने इस शोभायात्रा में हिस्सा लिया।

Comment here