घटनास्थानीय

गेहूँ के खेत में लगी आग, लाखों का नुक्सान

Spread the love
द जनमित्र | शशि
बक्सर के ओझाबराव मौजा में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गेहूं के खेत में अचानक आग भड़क उठी। तेज़ गर्मी और हवा के झोंकों ने आग को इतना बढ़ावा दिया कि पलक झपकते ही करीब पांच बीघा फसल स्वाहा हो गई।
 

ग्रामीणों ने बिना देर किए पानी और झाड़ियों से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। गांव के विजय सिंह और उनके बेटे रुदल सिंह ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाने में ज़ोर-शोर से जुट गए। विजय ने हार्वेस्टर चलाकर आग की दिशा में फसल काट दी, तो रुदल ने ट्रैक्टर से हल चला कर आग को आगे बढ़ने से रोका।
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर आग को पूरी तरह काबू में कर लिया। लेकिन तब तक विजय ओझा, ऋषिकेश ओझा, धन बिहारी पासवान और काशीनाथ ओझा की फसल जलकर राख हो चुकी थी। किसानों की महीनों की मेहनत चंद मिनटों में बर्बाद हो गई।
गर्मी में ऐसी घटनाएं आम हो जाती हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने पहले ही जागरूकता अभियान चलाया था, जिसमें कई सावधानियां सुझाई गई थीं। जैसे, जुताई-कटाई का काम रात में या गांव से बाहर करें। खलिहान और घर में पानी-बालू का इंतज़ाम रखें। खाना बनाते वक्त रसोई में ध्यान दें, बच्चों को अकेला न छोड़ें। स्टोव के पास हवा का रुख रोकें। तेल की आग पर पानी की जगह बेकिंग सोडा या नमक डालें, या ढंक दें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। नागरिकों से गुज़ारिश है कि सतर्क रहें और सुरक्षा के नियम अपनाएं।

Comment here