घटना

रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिली युवती, इलाज के दौरान मौत

Spread the love

द जनमित्र न्यूज । चौसा

आज तड़के सुबह चौसा रेलवे स्टेशन से एक बुरी खबर आई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर एक युवती बेहोशी की हालत में मिली। मौजूद यात्रियों ने जब उसे देखा तो तुरत स्टेशन मास्टर को इसकी खबर दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन युवती की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ ही मिनट में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस को युवती के पास से उसका आधार कार्ड बरामद हुआ है जिसके आधार पर उसकी पहचान सरेंजा निवासी रामाशंकर राजभर की पुत्री शोभा कुमारी के तौर पर हुई है।

पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद अस्पताल पहुंचे युवती के पिता रामाशंकर राजभर ने बताया कि उनकी बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह मंगलवार शाम से लापता थी। इस बीच उन्हें एक आयोजन में जाना था। वहां से लौटने के बाद उन्हें पता चला कि बेटी सदर अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी मौत हो चुकी है।

थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, चौसा स्टेशन मास्टर ने रात करीब दो बजे युवती के अचेत अवस्था में होने की सूचना दी थी। जांच में यह प्रेम प्रसंग का मामला प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने युवती का मोबाइल छीन लिया था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई और किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था।

हालांकि, परिजनों ने युवती का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए सभी संभावित पहलुओं पर गौर कर रही है।

Comment here