जनमित्र न्यूज डेस्क
जिले में रविवार को राजनीतिक पार्टियों ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अहिरौली में जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन के अध्यक्षता में आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार सिंह, केदारनाथ तिवारी, राजवंश सिंह, विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह , और सच्चिदानंद भगत ने भाग लिया। होली मिलन समारोह में सभी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर अभिवादन एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।


आज के होली मिलन समारोह में भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। वे भी अपने महिला साथियों के साथ रंग और गुलाल लगाकर एक दूसरे का अभिवादन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर ढोलक और झाल के ताल पर होली गीत गाया।
वही बक्सर के किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर जन सुराज ने भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जन सुराज के प्रभारी तथागत हर्षवर्धन ने किया। संचालन बजरंगी मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और राधा-कृष्ण की आरती से हुई।

इसके बाद कलाकारों ने होली गीतों की प्रस्तुति दी। पारंपरिक फगुआ गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का त्योहार है। यह हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकता का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में समरसता और सद्भावना को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

Comment here