अपराधग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

जीएनएम कॉलेज की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी

Spread the love

जीएनएम कॉलेज के द्वितीय वर्ष की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी, हॉस्टल में मची अफ़रातफ़री घटना स्थल पर पहुँची पुलिस. पटना जिले के फतुहा की रहने वाली है छात्रा नीतू कुमारी.

द जनमित्र | डेस्क

बक्सरः नगर थाना क्षेत्र के पुराना सदर अस्पताल परिसर में स्थित जीएनएम कालेज की एक छात्रा ने मंगलवार को हॉस्टल में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. सूचना के बाद पहुँची नगर थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि छात्रा आज ही अपने गांव से छुट्टी खत्म होने पर हॉस्टल पहुँची थी परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है. घटना के बाद अन्य छात्राएं डरी सहमी हुई है.

पटना जिले के फतुहा की रहने वाली है छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार पटना जिले के फतुहा की रहने वाली नीतू कुमारी जीएनएम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी. मंगलवार को छुट्टी बिताकर अपने घर से हास्टल में आई थी. शाम को करीब सात बजे अपने कमरे में पंखे से लटकी हुई पाई गई. बताया जा रहा है कि छात्रा घर से आने के बाद शाम को अपने कमरे में थी जब सभी छात्राएं हाजिरी बनाने जा रही थी तो उसे भी पुकारा गया लेकिन दरवाजा नहीं खुला. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर अन्य छात्राओं ने किसी तरह से दरवाजा खोला तो उसे पंखे से लटका पाया. छात्राओं ने हल्ला किया तो बगल में रह रहे बॉयज हॉस्टल के छात्र और गर्ल्स हॉस्टल के कर्मी पहुंच छात्रा को फंदे से उतार कर सदर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

क्या कहती है प्रिंसिपल

वही इस घटना को लेकर जीएनएम कॉलेज के प्रिंसिपल जागृति कुमारी ने बताया कि छात्रा नीतू कुमारी का कभी किसी से कोई अनबन नही रहा आज ही वह गांव से आई हुई थी किस परिस्थिति में उसने आत्मघाती कदम उठाया यह तो जांच का विषय है लेकिन किसी को ऐसा उम्मीद भी नही था.

क्या कहते है अधिकारी

घटना की जानकारी देते हुए नगर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि मृतक आज ही अपने गांव से आई थी. उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दिया गया है. परिजन के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, फिलहाल उसके मोबाइल का डिटेल खंगाला जा रहा है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है तथा वैज्ञानिक तरीके से इस केस की अनुसंधान हर बिंदु पर किया जा रहा है.


गौरतलब है कि छात्रा की मौत के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है. सूत्रों की माने तो मृतक के मोबाइल पर एक ही नम्बर से एक लड़के का दर्जनों बार फोन आया है जो नए सदर अस्पताल में काम करता है हालांकि सच्चाई क्या है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा.

Comment here