17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी अध्यापक भर्ती परीक्षा. प्रशासनिक तैयारियां पूरी. बीपीएसी के द्वारा आयोजित की गई है अध्यापक भर्ती परीक्षा. जिला पदाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः जिले के विभिन्न केंद्रों पर टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक), पीजीटी (स्नातकोत्तर शिक्षक) और प्राथमिक शिक्षक परीक्षाओं के लिए बीपीएससी स्कूल शिक्षक परीक्षा 24 से 26 अगस्त 2023 तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है. जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें डुमरांव में पांच केंद्र हैं. इस तरह दो दिनों तक संचालित होने वाली इस परीक्षा में 8920 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जहां की निगरानी आयोग खुद करेगा.

आज की परीक्षा को लेकर क्या कहते है अधिकारी
सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह 9:00 बजे के बाद से परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों तथा प्रतिनियुक्ति कर्मियों, दंडाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति का प्रवेश निषेध होगा. बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार सारी तैयारी पूरी कर ली गई है. डीपीआरओ ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की दूरी तक निषेधाज्ञा लागू है. केंद्रों के 200 मीटर की दूरी पर धारा-144 प्रभावी है ऐसे में वहां केवल प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं संबंधित कर्मी ही मौजूद रहेंगे.

परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने का निर्देश जारी कर दिया गया है. इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को कदाचारमुक्त कराने को लेकर पूरी तरह से संकल्पित है. बताते चले की परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में परीक्षार्थियो को परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन के द्वारा रेलवे स्टेशन बस अड्डा समेत चौक चौराहा पर गाइडर की तैनाती की गई है ताकि परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर आसानी से पहुंच सके.


Comment here