ग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

गंगा पर बने नए ब्रिज से कई दर्जन गाड़ियां हुई जब्त

Spread the love

द जनमित्र | सरिता कुमारी

बक्सर: वीर कुंवर सिंह सेतु के समानांतर बिहार को यूपी से जोड़ने वाला नया पुल बनकर तैयार होने के साथ ही यातायात भी शुरू हो गया है. साथ ही साथ भारी वाहनों का भी परिचालन शुरु हो गया है. इसी के साथ यह भी माना जा रहा है कि इस पुल से यूपी और बिहार के बीच व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, और लोगों को सीधा फायदा भी होगा. वही मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात प्रशासन के द्वारा बिहार से यूपी जा रहे हैं बालू लदे ट्रक के तकरीबन 45 चालकों को हिरासत में लिया गया है. इन पर आरोप यह है कि इनके पास बिहार से यूपी जाने के लिए वैध चालान नहीं था.


सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शाम से ही बिहार से यूपी जाने वाले वाहनों की लंबी कतार नए पुल पर लगी हुई थी. इसी बीच किसी ने सूचना दी कि गलत तरीके से बिहार से यूपी में बालू ले जाया जा रहा है, जिसके बाद एक्टिव हुई प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू की और यह पाया कि अधिकांश बालू लदे ट्रकों के संचालकों के पास यूपी तक जाने का चालान ही नहीं है. ऐसे में जब चालकों से यह पूछा गया कि बिना चालान के वे यूपी कैसे जा रहे थे तो वे कई तरह के बहाने बनाने लगे.


डिप्टी कलेक्टर श्रेयांश तिवारी का कहना है कि बिना वैध चालान के बालू को बिहार से यूपी नहीं ले जाया जा सकता हैं. लेकिन बक्सर का चालान होने के बावजूद सभी ट्रक संचालकों के द्वारा बालू यूपी में ले जाया जा रहा था. ऐसे में ट्रकों को जब्त कर लिया गया है. संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


तत्काल ही कुल 45 ज़ब्त ट्रकों को नगर तथा औद्योगिक थाने की पुलिस की मदद से जिला मुख्यालय स्थित बाजार समिति के प्रांगण में खड़ा कराया गया है. डिप्टी कलेक्टर श्रेयांश तिवारी के नेतृत्व में चले इस अभियान में ट्रकों को प्रशासन ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है और ट्रक मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी चल रही है.

Comment here