द जनामित्र डेस्क
दशहरा पर्व को लेकर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के मकसद से जिलाधिकारी साहिला व पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में आज संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च ज्योति चौक से शुरू होकर खलासी मुहल्ला, सराय फाटक, हनुमान फाटक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार और सत्यदेवगंज होते हुए थाना परिसर तक पहुंचा।

इस दौरान आम लोगों को संदेश दिया गया कि पर्व को आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाया जाए। प्रशासन व पुलिस की तरफ से सुरक्षा के प्रति अपनी सक्रिय भूमिका भी प्रदर्शित की गई।
जिला प्रशासन और पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की बात कही है। संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ाने और शांति बनाए रखने को लेकर अधिकारियों व बल को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि वे दशहरा को भाईचारे, प्रेम और सद्भावना के माहौल में मनाएं। किसी भी अफवाह या भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च के बाद किला मैदान में रावण दहन की तैयारियों का जायजा लिया गया। नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी को मैदान और आसपास इलाके की पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस साल जिले में कुल 346 पूजा पंडाल लगाए जाने हैं। इनमें बक्सर अनुमंडल के 151 और डुमरांव अनुमंडल के 195 पंडाल शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
199 जगहों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे जबकि 33 स्थानों पर गश्ती दल सक्रिय रहेंगे। बक्सर अनुमंडल में पांच और डुमरांव में तीन क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई हैं। दोनों अनुमंडलों में एक-एक जोनल दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए 19 जगहों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि भीड़ और वाहनों का दबाव नियंत्रित रहे।

Comment here