द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसुधर पंचायत स्थित महिला गांव में शुक्रवार को एक 16 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का नाम खुशी कुमारी बताया गया है जो गांव के निवासी छोटन कुशवाहा की बेटी हैं। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं लेकिन मौत का असली कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।

सूत्रों के मुताबिक खुशी कुमारी अकेले घर में रह रही थीं जबकि उनके परिवार के बाकी सदस्य दिल्ली में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर अंदर देखने पर किशोरी मृत अवस्था में मिली। इस दृश्य को देखकर आसपास हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Comment here