स्थानीय

जमुई की घटना पर एपवा का प्रतिवाद मार्च

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर के डुमरांव में गुरुवार को भाकपा माले से जुड़ी अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन एपवा ने जमुई की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। जमुई में एक नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ हुई मारपीट तथा अभद्र व्यवहार के खिलाफ यह आंदोलन आयोजित किया गया।

भाकपा माले के जिला कार्यालय से शुरू हुआ यह जुलूस स्थानीय थाना पहुंचा जहां यह सभा का रूप ले लिया। सभा की अध्यक्षता ऊषा देवी ने की जबकि संचालन फूलझारो देवी के हाथों में रहा। एपवा की नेत्रियां पूजा कुमारी और रूबी शर्मा के अलावा माले नेता ललन राम तथा जिला सचिव नवीन कुमार ने भी सभा को संबोधित किया।

वक्ताओं ने सरकार से छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जवाबदेही तय करने की अपील की। उन्होंने जमुई घटना के आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग रखते हुए पीड़िता व उसके परिजनों को सुरक्षा और न्याय दिलाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई तो हो रही है लेकिन सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था में क्या उपाय किए गए हैं। यह सिर्फ जमुई की एक छात्रा का मुद्दा नहीं बल्कि बिहार की उन तमाम बेटियों का सवाल है जो पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर निकलती हैं।

माले के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी भाषणों का हवाला देते हुए बिहार में कानून व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर किए गए वादों पर सरकार से जवाब मांगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की गई।

इस मौके पर पुष्पा देवी, पूनम देवी, मोती देवी, चंदा देवी, मुन्नी देवी, मुनेश्वरी देवी, चनिया देवी, सुनीता देवी, और लक्ष्मीना देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। भाकपा माले की ओर से धर्मेंद्र सिंह कन्हैया पासवान महफूज आलम सर्वेश पांडेय भगवान दास रिंकू कुरैशी और सुरेंद्र प्रसाद जैसे नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Comment here