द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना अंतर्गत वार्ड छह और सात में शनिवार रात बिजली आपूर्ति बाधित होने से शुरू हुआ मामला जल्द ही गंभीर हिंसा में बदल गया। दोनों तरफ से ईंट-पत्थरों की बौछार हुई और हवाई गोलीबारी का आरोप भी सामने आया।

दर्जी मोहल्ला के करीब पचास साल के मो. जहीर दर्जी इस घटना में बुरी तरह घायल हुए। उनके सिर पर ईंट लगने से माथा फट गया। परिजन उन्हें तुरंत डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीण बताते हैं कि वार्ड सात की अनुसूचित टोली और वार्ड छह के दर्जी मोहल्ले को बिजली एक ही ट्रांसफार्मर से मिलती है। ज्यादा लोड की वजह से यहां अक्सर बिजली गुल हो जाती है। शनिवार को करीब आठ बजे बिजली चली जाने के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई। कुछ देर समझाने-बुझाने के बाद माहौल शांत दिखने लगा लेकिन बाद में एक पक्ष के कई युवक दूसरे मोहल्ले पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। घर के बाहर बैठे जहीर के सिर पर ईंट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद दोनों वार्डों में दहशत फैल गई।
घायल पक्ष का आरोप है कि डर पैदा करने के मकसद से हवाई फायरिंग भी की गई। गोली की आवाज सुनकर लोग घरों के अंदर छिप गए। पुलिस ने मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फायरिंग के आरोप की जांच अभी जारी है।
सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस दल लेकर पहुंचे और स्थिति काबू में की। देर रात प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह तथा सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत अतिरिक्त बल भी गांव पहुंच गया। उपद्रवी पुलिस आने से पहले ही मौका छोड़कर भाग चुके थे।
मो. जहीर के बयान के आधार पर नया भोजपुर उत्तर मोहल्ला के सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी चल रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद एसडीएम राजीव कुमार, सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा बिजली विभाग के सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेंद्र कुमार ने गांव वालों के साथ बैठक की। ग्रामीणों ने इलाके में शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता की शिकायत की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शराब की तस्करी के कारण तनाव बना हुआ है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर सुनसान जगह पर है जहां असामाजिक तत्व इकट्ठा होते रहते हैं। बैठक में ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त लोड का मुद्दा भी उठा। एसडीएम ने बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने या नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित जगहों पर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया गया। थानाध्यक्ष को शराब तस्करों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा गया।
एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि विवाद की खबर मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया था। केस दर्ज हो चुका है। शांति बनाए रखने के लिए बैठक की गई। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पूरी जांच निष्पक्ष तरीके से होगी।

Comment here