द जनमित्र डेस्क
बक्सर पुलिस प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर में यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है। 15 अगस्त को कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आने-जाने पर पाबंदी रहेगी।

सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर में किसी भी तरह के वाहन का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। बड़े वाहनों पर यह रोक सुबह चार बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। थाना चौक से नाथ बाबा पुल की तरफ जाने वाले रास्ते पर सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा, ऑटो और बसों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। गोलंबर से बाइपास होते हुए ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया तक का मार्ग उपलब्ध रहेगा। स्टेशन जाने वालों के लिए गोलंबर-बाइपास-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक वाला रास्ता निर्धारित किया गया है। अन्य विकल्पों में गोलंबर से बाइपास, ज्योति चौक और थाना चौक तक का मार्ग तथा गोलंबर-बाइपास-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक-पांडेय पट्टी गुमटी-स्कामिनी माता मंदिर-डीएवी मोड़ होते हुए इटाढ़ी रोड तक का रास्ता शामिल है।
किला मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उत्तरी हिस्से में चारपहिया, तीनपहिया और मोटरसाइकिल पार्क किए जा सकेंगे, जबकि पश्चिमी हिस्से में सिर्फ सरकारी वाहनों को जगह मिलेगी। बाजार समिति और सिंडिकेट के पास भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस पर बिना जरूरत के चारपहिया वाहन न निकालें और सिर्फ बताए गए मार्गों का इस्तेमाल करें। मरीज, एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को इन पाबंदियों से छूट दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे घर से निकलते समय अपना टिकट जरूर साथ रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रा का प्रमाण पेश किया जा सके।

Comment here