द जनमित्र डेस्क
जिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में तीसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी है। फरार चल रहे कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह को पकड़ने के लिए CBI ने सोमवार को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर पूरे शहर में पोस्टर चिपकाए हैं। मामले की जांच कर रही CBI की टीम पिछले एक हफ्ते से बक्सर के नुआंव गांव और जिला मुख्यालय के चीनी मिल इलाके में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। CBI के पास इस हत्याकांड से जुड़े सीसीटीवी फुटेज समेत कई ठोस सबूत मौजूद हैं। अटल सिंह पर पहले भी जिले के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद 6 मई को कोलकाता में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शुरुआती छानबीन पश्चिम बंगाल पुलिस ने की थी, बाद में केस CBI को सौंप दिया गया। पश्चिम बंगाल की STF ने बक्सर से दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा बक्सर जेल में बंद एक अन्य आरोपी को रिमांड पर लिया गया, जबकि एक संदिग्ध से पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस तरह इस मामले में बक्सर से जुड़े पांचवें आरोपी की अब तलाश चल रही है।
उत्तर प्रदेश के बलिया और गाजीपुर जिलों से भी लगातार नए संदिग्ध पकड़े जा रहे हैं। हाल ही में बलिया के बांसडीह थाना क्षेत्र से गोलू सिंह को स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया। गोलू की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही दूसरे आरोपी ज्ञानेंद्र उर्फ मनु ने मऊ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। CBI की टीम ने उसे रिमांड पर लेकर कोलकाता ले जाया है।
6 जून की रात को हुई हत्या के महज तीन दिन बाद कोलकाता STF ने बक्सर के पीसी कॉलेज के पास से विक्की मौर्य, मयंक मिश्रा और विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद विशाल को छोड़ दिया गया, जबकि विक्की और मयंक को गिरफ्तार कर बंगाल ले जाया गया। इस दौरान यूपी के राज सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।
CBI ने 21 मई को बक्सर केंद्रीय कारा में बंद गाजीपुर के संजय राय को रिमांड पर लिया था। बाद में उसे कोलकाता ले जाया गया। हत्याकांड के पांच दिन बाद बक्सर पुलिस ने संजय को यूपी-बिहार सीमा पर पांच लीटर शराब के साथ पकड़ा था। आशंका है कि वह जानबूझकर शराब लेकर सीमा पार आया था ताकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी कर ले और असली मकसद से ध्यान हटाया जा सके। CBI इस पूरे हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है और फरार अटल सिंह की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


Comment here