द जनमित्र डेस्क
जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 27 वर्षीय युवती अनुषा कुमारी का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव मंगलवार दोपहर उसके घर के बंद कमरे से बरामद किया गया। शव अर्धनग्न अवस्था में था और उसकी हालत को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत चार-पांच दिन पहले ही हो चुकी थी।
मृतका अनुषा कुमारी गौरीशंकर राम की बेटी थीं। उनके पिता भोपाल में एक बैंक के प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि अनुषा अपनी मां शांति देवी के साथ गांव में रह रही थीं। परिवार के मुताबिक, अनुषा कुछ समय पहले भोपाल में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थीं, लेकिन मानसिक तनाव और अवसाद के चलते उन्होंने नौकरी छोड़ दी और पिछले कई दिनों से गांव में मां के साथ रह रही थीं।

घटना की जानकारी तब हुई जब अनुषा की मां शांति देवी मंगलवार को मुंबई से वापस लौटीं। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को वह अपने अन्य बच्चों से मिलने मुंबई गई थीं। उस समय अनुषा ने अकेले गांव में रहने की इच्छा जताई थी। लेकिन 16-17 अप्रैल के बाद से अनुषा का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे पूरे परिवार में चिंता फैल गई थी।
घर पहुंचने पर मां को कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला और अंदर से तेज बदबू आ रही थी। जब दरवाजा नहीं खुला तो स्थानीय कारपेंटर को बुलाकर उसे तोड़वाया गया। अंदर देखा तो अनुषा का शव फर्श पर पड़ा था।
सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा किए। एसडीपीओ पोलस्त कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत का सही कारण और परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगी। मृतका की मां ने अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
इस घटना से पूरे अरियांव गांव में सन्नाटा और शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस दुर्घटना से बेहद आहत हैं। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।


Comment here