स्थानीय

सड़क सुरक्षा का बड़ा अभियान: सात लाख से अधिक का जुर्माना

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरती है। जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस दौरान कई जगहों पर वाहनों की सघन जांच की गई और नियम तोड़ने वाले चालकों पर तुरंत कार्रवाई की गई।

अभियान में जिला स्तर पर कुल 151 वाहनों से 3 लाख 90 हजार 500 रुपये की शमन राशि वसूली गई। हेलमेट न लगाने, सीट बेल्ट न पहनने, ओवरलोडिंग, बिना कागजात के वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर यह कार्रवाई हुई।

इसी मुहिम के तहत नगर परिषद बक्सर ने शहर के व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया। सदर अस्पताल, मॉडल थाना क्षेत्र से लेकर रामरेखा घाट तक सड़क किनारे की अवैध दुकानें और अतिक्रमण हटाए गए, जिससे आवागमन सुगम हो सके।

यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि उनके स्तर पर 39 वाहनों की जांच की गई और 63 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में 279 वाहनों की जांच हुई और 1 लाख 19 हजार 700 रुपये की राशि अधिरोपित की गई।

‘रोको-टोको’ अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत ब्रह्मपुर में 225 वाहनों की छानबीन की गई, जिनसे 1 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना जमा हुआ।

अभियान के दौरान पूरे जिले में कुल 7 लाख 29 हजार 700 रुपये की शमन राशि वसूली गई। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर लगाएं तथा सुरक्षित ड्राइविंग की आदत डालें, ताकि सड़क हादसों पर पूरी तरह काबू पाया जा सके।

Comment here