अपराध

अरियांव में सोलह वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

कृष्णा ब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक 16 वर्षीय किशोरी को अज्ञात युवक ने घर के दरवाजे पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका श्वेता कुमारी बबलू उपाध्याय की बेटी थी। वह हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पूरी कर कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रही थी।

घटना के अनुसार, दोपहर के वक्त घर के लोग आराम कर रहे थे। तभी बाहर किसी ने दरवाजा खटखटाया। श्वेता ने दरवाजा खोलते ही बाहर खड़े युवक ने बिना कुछ कहे उस पर फायर कर दिया। गोली पीठ में लगी। लड़की ने जान बचाने के लिए घर के अंदर दौड़ने की कोशिश की, लेकिन कुछ कदम चलते ही वह वहीं गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकला था।

परिवार ने बताया कि तीन महीने पहले श्वेता अपनी सहेली के साथ पढ़ाई के लिए चौगाई जा रही थी। रास्ते में उसकी साइकिल पंचर हो गई। सहेली ने अपने भाई को बुलाया और साइकिल पास के एक परिचित के घर रख दी। जब दोनों लड़कियां बाइक पर घर लौट रही थीं, तभी आरोपी युवक ने उन्हें रोक लिया। सहेली के भाई से उसकी झड़प हो गई। आरोपी को उसके साथियों ने पीटा भी। इसके बाद से आरोपी बार-बार श्वेता को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

चाचा सोनू उपाध्याय ने बताया, “चार दिन से वह गांव में नई बाइक और पिस्तौल लेकर घूम रहा था। आज दोपहर श्वेता कपड़े धो रही थी। दरवाजा खटखटाने पर उसने अंदर से पूछा- कौन है? कोई जवाब नहीं मिला तो जैसे ही उसने दरवाजा खोला, हमलावर ने गोली चला दी। लड़की की मां भी तुरंत पहुंच गई। हमने भागते हुए युवक का पीछा किया, लेकिन वह भाग निकला। मेरी भाभी ने उसे साफ पहचान लिया है।”

सोनू उपाध्याय ने आगे कहा, “खून का बदला खून चाहिए। या तो आरोपी को फांसी होनी चाहिए। पुलिस ने हमें 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।”

घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसपी ने खुद स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला गांव के ही एक युवक से जुड़ा प्रतीत होता है। दोनों एक-दूसरे को जानते थे। प्रेम संबंध को लेकर विवाद की भी संभावना है, हालांकि यह अभी जांच का विषय है।

मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिवार पर पहले भी कई विवादों और पीड़ित पक्ष को परेशान करने के आरोप लग चुके हैं। पूरे इलाके में इस घटना से आक्रोश का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comment here