द जनमित्र डेस्क
इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (IESM) की मासिक बैठक शहर के बाईपास रोड स्थित सैनिक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी और डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक आनंद मिश्रा को अंगवस्त्र, मोमेंटो और फूलमाला देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पूर्व सैनिकों की 20 वर्षों से लंबित 50 डिसमिल जमीन की मांग को विधानसभा में मजबूती से उठाने के लिए दिया गया।
डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस मुद्दे को सदन में इस तरह से उठाया है। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया और विधायक की स्पष्टता व मजबूती की सराहना की। जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने बताया कि विधायक द्वारा सदन में उठाया गया यह मुद्दा सोशल मीडिया पर वायरल होने से पूर्व सैनिकों में नई उम्मीद जगी है।
विधायक आनंद मिश्रा ने संबोधन में कहा कि उन्होंने मुद्दे को सिर्फ सदन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जमीन पर लागू कराने के लिए भी हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि यदि सरकार जमीन उपलब्ध नहीं कराती है तो वे स्वयं जमीन खरीदकर पूर्व सैनिकों को देने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से पांच अन्य महत्वपूर्ण मांगों का प्रस्ताव देने को कहा ताकि उन पर भी कार्रवाई हो सके।
बैठक के दौरान 20 पूर्व सैनिकों ने इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट की सदस्यता ग्रहण की। मीडिया प्रभारी सूबेदार सुदामा प्रसाद की ओर से सभी के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई। अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने बैठक समाप्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


Comment here