जनमित्र/बक्सर: जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति एंव समन्वय की साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय बक्सर के सभागार में आहूत की गई. सर्वप्रथम विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी से जिले के सभी विभागों से संबंधित कोर्ट केस मामलों की समीक्षा की गई. सभी एम0जे0सी0 एवं सी0डब्लू0जे0सी0 मामलों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जल्द से जल्द तथ्य विवरणी बनवाकर हाइकोर्ट में ओथ लेने का निदेश दिया. वैसे विभागों के पदाधिकारी जो बैठक में विभिन्न कारणवश अनुपस्थित रहते हैं, उन विभागों के प्राधिकृत पदाधिकारी व कर्मी को कोर्ट केस के पूरे तथ्यों की जानकारी के साथ बैठक में आने को कहा गया.

बैठक से अनुपस्थित बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछते हुए वेतन स्थगित रखने का आदेश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया. लोकायुक्त से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा के क्रम में जल्द से जल्द मामलों पर तथ्यात्मक विवरणी भेजने हेतु निदेशित किया गया. जिला लोक सूचना पदाधिकारी को सभी विभागों के लंबित मामलों की सूची बनाकर बैठक के पूर्व देने का निदेश दिया गया.

जिला आई0टी0 प्रबंधक ने बैठक में जानकारी दी कि वर्तमान में कुल 1282 मामले आर0टी0पी0एस0 में लंबित है. ज्यादातर मामले नये राशनकार्ड बनाने हेतु आवेदन के संबंध में है. इस पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव एवं बक्सर को प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जाँच करवाने का निर्देश दिया. जाँचोपरान्त सही आवेदन पाए जाने की स्थिति में नया राशनकार्ड बनाने की कार्रवाई करने को कहा. अनुमण्डल पदाधिकारियों ने नये बनाए गए राशन कार्ड का वितरण प्रारम्भ कर दिए जाने की जानकारी दी.

जिला पदाधिकारी महोदय ने प्रत्येक सप्ताह मंगलवार, वृहस्पतिवार, शनिवार को बाढ़ के बचाव हेतु कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित करने का निर्देश जिला आपदा शाखा प्रभारी को दिया. बैठक अद्यतन प्रतिवेदन के साथ की जाएगी. नदी मार्ग से शराब की तस्करी रोकने हेतु प्रभावी कदम उठाने का निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिया. इसके लिए नावों के जरिए सघन गस्ती करवाने को कहा गया. कोविड-19 के प्रभाव के कारण बनाए गए कन्टेनमेंट जोन में आने वाले प्रत्येक घर के कम से कम एक व्यक्ति का सैंपल टेस्ट लेकर जाँच करवाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को मोटरेबुल बनाने हेतु कार्यपालक

अभियंता पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देशित किया गया. रोजगार उपलब्ध कराने हेतु रोजगार मेला का आयोजन करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, तकनीकी विभागों के अभियंतागण उपस्थित थे. इसकी जानकारी जिला जनसंपर्क अधिकारी कन्हैया कुमार ने दी.





Comment here